Advertisement

15 साल 100 उपग्रह… चंद्रयान-4, गगनयान, स्पेस स्टेशन के जरिए अंतरिक्ष में झंडे लहराएगा भारत

24/08/2025
15 साल 100 उपग्रह… चंद्रयान-4, गगनयान, स्पेस स्टेशन के जरिए अंतरिक्ष में झंडे लहराएगा भारत

India Space Program: भारत अंतरिक्ष में एक लंबी छलांग की तैयारी कर रहा है. दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके एक समारोह में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अगले 15 सालों के दौरान भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की. इस रोडमैप के मुताबिक 2040 तक भारत 100 से अधिक उपग्रहों को प्रक्षेपित करेगा, साथ ही चंद्रयान-4, गगनयान, अंतरिक्ष में अपना स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाएगा.

India Space Program: अगले 15 सालों में भारत स्पेस रेस में कई उपलब्धि हासिल कर लेगा, जिसमें चंद्रयान-4, गगनयान, अंतरिक्ष में अपना स्टेशन बनाने के साथ-साथ अंतरिक्ष में 100 से ज्यादा उपग्रह प्रक्षेपित करना भी शामिल हैं. साल 2024 तक भारत स्पेस रेस में लंबी छलांग लगाने की तैयारी कर रहा है. केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि अगले 15 वर्षों में भारत 100 से अधिक उपग्रहों को प्रक्षेपित करने की योजना बना रहा है. उन्होंने कहा कि ये उपग्रह सरकारी प्रौद्योगिकी अभियानों और निजी क्षेत्र के नेतृत्व वाले परिचालन मिशनों के तहत प्रक्षेपित किए जाएंगे.

विकसित भारत की दिशा में कदम- जितेंद्र सिंह

दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके पर आयोजित एक समारोह के दौरान मंत्री जितेंद्र सिंह ने अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए अगले 15 वर्षों के वास्ते एक प्रारूप भी जारी किया. इस समारोह में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष वी नारायणन, INSPAC के अध्यक्ष पवन गोयनका और गगनयान मिशन के लिए चुने गए चार अंतरिक्ष यात्री भी मौजूद थे. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह रोडमैप 2040 और उसके आगे भारत की अंतरिक्ष यात्रा का मार्गदर्शन करेगा. साथ ही खाद्य एवं जल सुरक्षा, आपदा प्रबंधन क्षमता, पर्यावरणीय स्थिरता और समावेशी विकास के लिए अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का लाभ उठाकर विकसित भारत के दृष्टिकोण का समर्थन करेगा.

जल्द होगा गगनयान-1 का प्रक्षेपण

जितेंद्र सिंह ने इसरो के भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी कार्यक्रम में पेश की. उन्होंने कहा कि मानवरहित गगनयान-1 मिशन का प्रक्षेपण इस साल के अंत तक होने की उम्मीद है. गगनयान-1 एक मानव-रोबोट मिशन होगा, जिसमें मानवीय रोबोट व्योममित्र अंतरिक्ष की यात्रा करेगा. वर्ष 2027 में भारत गगनयान मिशन के तहत अपनी पहली मानव अंतरिक्ष उड़ान का प्रयास करेगा. इसके बाद 2028 में चंद्रयान-4, शुक्र ग्रह के लिए एक मिशन और 2035 तक प्रस्तावित भारत अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना की जाएगी. उन्होंने कहा कि भारत ने 2040 तक चंद्रमा पर अपना एक अंतरिक्ष यात्री भेजने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है.

Advertisement
संबंधित टॉपिक्स
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

Pritish Sahay

Contributor

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है. और पढ़ें

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
Advertisement
Sponsored Linksby Taboola
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement